लक्ष्मण नगर जंक्शन
बेतिया/चंपारण।
मानवाधिकार भारत के काली बाग, बेतिया (पश्चिम चंपारण) स्थित कार्यालय पर स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने कार्यालय परिसर में तिरंगा ध्वज फहराकर राष्ट्रगान किया और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
ध्वजारोहण के पश्चात कार्यालय परिसर में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मानवाधिकारों के संरक्षण, आम नागरिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा समाज में न्याय और समानता की भावना को मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि देश के संविधान, लोकतंत्र और नागरिकों के अधिकारों के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को याद करने का भी दिन है।
कार्यक्रम में मानवाधिकार भारत की महिला प्रदेश अध्यक्ष रिंकी कुमारी, चंपारण जिले के जिलाध्यक्ष जावेद, लक्ष्मण प्रसाद, जिला संयोजक आनंद दत्त द्विवेदी, नीतीश कुमार पटेल, रीता द्विवेदी, सुनीता देवी, फरजाना, रंजू देवी, माधुरी सहित चंपारण जिले के बड़ी संख्या में मानवाधिकार भारत के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
समारोह के दौरान पदाधिकारियों ने संगठन को और अधिक मजबूत करने तथा जरूरतमंद लोगों की आवाज बनकर उनके अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
