नारायण सेवा संस्थान के कृत्रिम अंग माप शिविर में उमड़े हजारों दिव्यांग
1 नवंबर को जरूरतमंद दिव्यांगजनों को वितरित किए जाएंगे कृत्रिम अंग
लखनऊ। नारायण सेवा संस्थान, उदयपुर के तत्वावधान में लखनऊ के दयाल गेटवे होटल में दिव्यांगजनों के लिए आयोजित कृत्रिम अंग माप शिविर में हजारों दिव्यांगजनों की जांच-पड़ताल कर उनके कृत्रिम अंगों के लिए माप लिया गया। शिविर में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन और उनके परिजन पहुंचे।
शिविर का शुभारंभ अराइज कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं मानवाधिकार भारत के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अभिनंदन सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने दिव्यांगजनों के लिए आयोजित इस सामाजिक एवं मानवीय पहल की सराहना की।

शिविर में मुख्य अतिथियों एवं विशिष्ट अतिथियों के रूप में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पुत्र एवं बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह, एमएलसी पवन सिंह चौहान, पूर्व बीजेपी अध्यक्ष एवं एमएलसी मुकेश शर्मा, संपादक राहुल भारतीय सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में कंपनी के अधिकारी प्रदीप सिंह, रामचन्द्र यादव, जीवन श्री फाउंडेशन के डायरेक्टर राजेन्द्र मिश्र समेत दर्जनों सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
शिविर के दौरान विशेषज्ञों द्वारा दिव्यांगजनों की जांच कर उनकी आवश्यकता के अनुरूप कृत्रिम अंगों का माप लिया गया। आयोजकों के अनुसार 1 नवंबर को शिविर में चयनित एवं माप लिए गए जरूरतमंद दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग उपलब्ध कराए जाएंगे।

शिविर कार्यक्रम में अपने संबोधन में
अभिनंदन सिंह ने कहा कि
“दिव्यांगजनों की सेवा करना केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। हमारा प्रयास है कि जरूरतमंद दिव्यांग भाई-बहनों को कृत्रिम अंग उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन जीने में सहयोग दिया जाए। समाज के सभी सक्षम लोगों को भी दिव्यांगजनों की मदद के लिए आगे आना चाहिए।”

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सेवा शिविरों से उन जरूरतमंद लोगों को नई उम्मीद और नई दिशा मिलती है, जो आर्थिक अभाव के कारण आवश्यक कृत्रिम अंगों की सुविधा प्राप्त नहीं कर पाते।
कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने नारायण सेवा संस्थान, उदयपुर एवं आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि दिव्यांगजनों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए इस तरह के सेवा कार्य निरंतर होते रहने चाहिए।
शिविर के सफल आयोजन से दिव्यांगजनों और उनके परिजनों में खुशी देखने को मिली। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे जरूरतमंदों के लिए एक महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल बताया।
